Gardening Tips: खरीदकर, चोरी करके या मांगकर? जानिए मनी प्लांट लगाने का सही तरीका क्या है!

Gardening Tips: मनी प्लांट का पौधा लगभग हर भारतीय घरों में पाया जाता है, यह पौधा न केवल सजावट के लिए लगाया जाता है, बल्कि यह धन और समृद्धि का प्रतीक भी माना जाता है।

मनी प्लांट को लेकर हमारे समाज में कई प्रकार की मान्यताएं जुड़ी हुई हैं, जिनमें से एक यह है कि अगर मनी प्लांट चोरी करके लगाया जाए, तो वह हमेशा हरा-भरा रहता है और व्यक्ति को जीवन में जल्दी तरक्की मिलती है।

वहीं, अगर इसे किसी से मांगकर या खरीदकर लगाया जाए, तो ऐसा माना जाता है कि वह पौधा जल्दी सूख जाता है और जीवन में आर्थिक समस्याएं आने लगती हैं।

आपको बता दे कि मनी प्लांट को लेकर लोगों के बीच बनी यह धारणा काफी पहले से बनी हुई है। हालांकि, यह पूरी तरह से एक धारणा है जिसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है, लेकिन इन बातों में नीयत का एक महत्वपूर्ण स्थान है, जिस पर वास्तु शास्त्र भी ज़ोर देता है।

वास्तु शास्त्र के अनुसार, किसी भी पौधे को लगाने की दिशा, स्थान और व्यक्ति की नीयत अधिक मायने रखती है। अगर आप मनी प्लांट को सच्चे मन से लगाते हैं, उसकी देखभाल करते हैं और उसे उचित स्थान पर रखते हैं, तो वह आपके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा ला सकता है।

इसके विपरीत, अगर आप चोरी या बुरी नीयत से पौधा लाते हैं, तो भले ही वह पौधा हरा-भरा दिखे, लेकिन उसका प्रभाव आपके जीवन में उल्टा भी हो सकता है।

यह दिशा है सबसे उचित

अक्सर लोग मनी प्लांट को लगाने के लिए सही दिशा का चयन नहीं कर पाते है, ऐसे में आपको बता दे कि मनी प्लांट को घर के दक्षिण-पूर्व कोने में लगाना सबसे शुभ माना जाता है।

यह दिशा अग्नि तत्व की होती है और यहां पर हरे पौधे लगाना धन-संपन्नता को बढ़ाता है। इस पौधे को उत्तर-पूर्व, उत्तर या पश्चिम दिशा में लगाने से बचना चाहिए क्योंकि इससे आर्थिक हानि और नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव हो सकता है।

मनी प्लांट की बेल अगर ज़मीन पर गिर जाए तो उसे तुरंत ऊपर उठाकर सहारा देना चाहिए क्योंकि वास्तु के अनुसार यह धन के गिरने का प्रतीक मानी जाती है।

इस तरह से करें देखभाल

मनी प्लांट की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है जितना उसे सही दिशा में लगाना। इस पौधे को सीधी धूप से बचाकर हल्की रोशनी में रखा जाना चाहिए। ज़्यादा पानी देने से इसकी जड़ें सड़ सकती हैं, इसलिए हफ्ते में दो से तीन बार ही पानी देना उपयुक्त होता है।

अगर इसे कांच की बोतल या पानी में उगाया जाए तो समय-समय पर पानी बदलते रहना चाहिए ताकि जड़ें स्वस्थ बनी रहें।

मनी प्लांट की पत्तियां दिल के आकार की होती हैं जो प्रेम, सौहार्द और खुशी का प्रतीक मानी जाती हैं। यह पौधा न केवल घर में हरियाली बढ़ाता है, बल्कि परिवार के रिश्तों में भी मिठास लाता है। यह तनाव को कम करने में सहायक है और घर के वातावरण को शांतिपूर्ण बनाए रखने में मदद करता है।

इसलिए चाहे आप मनी प्लांट किसी से मांगकर लाएं या खुद खरीदें, सबसे ज़रूरी बात यह है कि आप उसे सही दिशा में लगाएं, समय पर उसकी देखभाल करें और सकारात्मक नीयत के साथ उसकी उपस्थिति को सम्मान दें। इससे आपके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रह सकती है।

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *